झारखंड/पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में 28/29 जून 2026 की रात दो बंद मकानों में हुई चोरी की वारदात का पाकुड़ पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसे के बर्तन, नगदी, पुराने नोट-सिक्के, वारदात में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात चोरों ने दोनों बंद मकानों का ताला तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसे के बर्तन, नकद राशि समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 159/2026 एवं 160/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर घटना का सफल उद्भेदन करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 7.06 ग्राम गला हुआ सोना, 97.620 ग्राम गली हुई चांदी, एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, कांसे के बर्तन, चोरी किए गए पुराने नोट एवं सिक्के, वारदात में प्रयुक्त दो गमछे, एक बेडशीट, तीन पेचकस, एक सब्बल तथा एक सलाई रेंच बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जायदुल शेख उर्फ लठ्ठो शेख (35), शरीफ शेख उर्फ मिठु शेख (32), इशा शेख उर्फ मोहम्मद इशा शेख (28) तथा रोयस मिर्जा (38) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान चारों आरोपितों ने नगर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके विरुद्ध झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एवं अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित तकनीकी शाखा एवं नगर थाना के पुलिस पदाधिकारियों और रिजर्व गार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








