स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

झारखंड/पाकुड़। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, जिला स्तरीय स्टेडियम तथा बैंक कॉलोनी स्थित पार्क का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उपायुक्त ने रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मंच सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समारोह स्थल की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आमजनों एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्टेडियम में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। खिलाड़ियों ने पेयजल की समस्या से अवगत कराते हुए आरओ फिल्टर युक्त शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने जल्द ही आरओ फिल्टर की व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इंडोर एवं जिला स्तरीय स्टेडियम का भी किया निरीक्षण

इसके बाद उपायुक्त ने इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
वहीं, जिला स्तरीय स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टेडियम परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैंक कॉलोनी पार्क के सौंदर्यीकरण पर दिया जोर
उपायुक्त ने बैंक कॉलोनी स्थित पार्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में उगी झाड़ियों एवं जंगल-झाड़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को तत्काल साफ-सफाई कराने तथा झाड़ियों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने पार्क परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने तथा नागरिकों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है। समारोह में शामिल होने वाले आमजनों, अतिथियों, खिलाड़ियों एवं अन्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, मंच सहित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी अमित कुमार, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment