झारखण्ड/पाकुड़:- पाकुड़िया प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के लिए गुरुवार का दिन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। क्षेत्र के ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों तथा पारंपरिक आदिवासी गीत और नृत्य के साथ अतिथियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। लागडुम पंचायत में ग्रामीणों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक शौचालय का शुभारंभ किया गया। वहीं, बासितकुंडी और मोहुलपहाड़ी पंचायतों में नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। इन भवनों से बच्चों और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
तीनों विकास योजनाओं का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणि हेंब्रम ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने कहा कि इन नई सुविधाओं से पंचायत स्तर पर बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय लोग एवं समर्थक उपस्थित रहे।








