झारखण्ड/पाकुड़:- आमजनों को वाहन चलाने का अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) प्राप्त करने के अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से पूरे राज्य में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार, 16 सितंबर 2026 को पाकुड़िया अंचल में चालक दक्षता परीक्षण का आयोजन किया गया।
यह अभियान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा के आदेश तथा परिवहन विभाग, झारखंड के सचिव राजीव रंजन के निर्देश के आलोक में संचालित किया जा रहा है।
जिला परिवहन पदाधिकारी, पाकुड़ मो. मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस परीक्षण में अंतिम चालक अनुज्ञप्ति जारी करने के लिए कुल 65 आवेदकों के आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 13 आवेदक अनुपस्थित रहे। उपस्थित आवेदकों में 29 ने निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप अपने वाहन से चालक दक्षता परीक्षण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया, जबकि 23 आवेदक असफल रहे।
चालक दक्षता परीक्षण की जांच मोटर यान निरीक्षक, पाकुड़ अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह तथा जिला परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मियों द्वारा की गई।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने आमजनों से अपील की कि वे सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए चालक अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के लिए आयोजित अभियान और दक्षता परीक्षण में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करने की भी अपील की।








