मुंगेर में सड़क हादसे में साहिबगंज के व्यक्ति की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

झारखंड/साहिबगंज। साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी निवासी एक व्यक्ति की बिहार के मुंगेर में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने बरहरवा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अमरजीत शर्मा उर्फ रौशन शर्मा अपनी पत्नी जूली देवी के साथ उनके मायके पुरबका गुमटी, जमालपुर (मुंगेर, बिहार) गए हुए थे। बताया गया कि 27 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे अमरजीत शर्मा घर से बाहर निकलकर एक ई-रिक्शा में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना गंभीर था कि अमरजीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसी रात उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। परिजन और स्थानीय स्तर पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

मृतक की पत्नी जूली देवी ने अपने आवेदन में बताया कि उनके पति परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और उनकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक की पहचान करने तथा उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment