व्यापार के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी का आरोप, पैसे मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी; एक आरोपी गिरफ्तार।

साहिबगंज/कोटालपोखर। व्यापार शुरू करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोटालपोखर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीवनपुर निवासी सत्यजीत साह उर्फ फुचुआ, पिता सुधीर साह के रूप में हुई है। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी नवजीत साह उर्फ माना और निताई साह अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

व्यापार के लिए लिए थे 5 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, राजमहल थाना क्षेत्र निवासी लखन राजवंशी से कोटालपोखर थाना क्षेत्र के जीवनपुर निवासी नवजीत साह उर्फ माना ने व्यापार शुरू करने के नाम पर 5 लाख रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब व्यापार शुरू नहीं हुआ और रकम वापस नहीं की गई, तो लखन राजवंशी ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए। आरोप है कि इस दौरान नवजीत साह लगातार टालमटोल करता रहा।

रुपये मांगने पहुंचे तो हुई मारपीट
रकम वापस लेने के लिए जब लखन राजवंशी नवजीत साह के जीवनपुर स्थित घर पहुंचे, तब नवजीत वहां मौजूद नहीं था। घर पर उसके भाई निताई साह और सत्यजीत साह उर्फ फुचुआ मौजूद थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लखन राजवंशी के साथ मारपीट की।
इसी दौरान नवजीत साह उर्फ माना ने फोन पर लखन राजवंशी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी तथा पूर्व में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने का दबाव बनाया।

तीनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित लखन राजवंशी ने कोटालपोखर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों सगे भाइयों के खिलाफ कांड संख्या 60/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सत्यजीत साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार नवजीत साह उर्फ माना और निताई साह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment