पाकुड़: जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बिजली, पेयजल, चापाकल, पीसीसी सड़क तथा एमएमडीआर (MMDR) सहित क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं से जानकारी ली गई। इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल और संबंधित स्तर पर मुद्दों को उठाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में अनमैप मतदाताओं से जुड़े मामलों, सत्यापन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








