झारखंड/पाकुड़। शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के शहादत दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय स्थित शहीद अमरजीत बलिहार पार्क एवं शहीद अमरजीत बलिहार चौक पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शहीद अमरजीत बलिहार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के साथ कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त चालक आरक्षी अशोक कुमार श्रीवास्तव, आरक्षी संतोष कुमार मंडल, आरक्षी चन्दन कुमार थापा, आरक्षी राजीव कुमार शर्मा तथा आरक्षी मनोज कुमार हेम्ब्रम को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर सभी शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके परिवारों का सम्मान और सहयोग करना समाज एवं प्रशासन का नैतिक दायित्व है।
श्रद्धांजलि समारोह में उप-विकास आयुक्त, पाकुड़, उपसमाहर्ता, पाकुड़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।








