झारखंड/गिरिडीह। झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, गिरिडीह द्वारा झंडा मैदान में आयोजित रोजगार मेला-2026 का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ना था।
रोजगार मेले का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अभ्यर्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले योग्य अभ्यर्थियों और नियोजकों के बीच एक प्रभावी मंच का कार्य करते हैं, जिससे युवाओं को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि गिरिडीह जिले के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से जिले के युवाओं की पहचान कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लेकर अपनी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में जिले के बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 82 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 90 अभ्यर्थियों को आगामी चरण की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।








