झारखंड/पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खजूरडांगाल (बूथ संख्या-203) तथा बासेतकुण्डी (बूथ संख्या-204 एवं 205) पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों, गणना प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रपत्रों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को चरणबद्ध और बहुस्तरीय प्रशिक्षण दिया गया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्रपत्र भरने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया और पाया कि बीएलओ मतदाताओं को प्रत्येक कॉलम की जानकारी देकर सावधानीपूर्वक प्रपत्र भरवा रहे हैं।
उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी भी मतदान केंद्र पर कोई गंभीर त्रुटि नहीं मिली। यदि कहीं छोटी-मोटी त्रुटि रह भी जाती है तो बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा उसकी जांच कर आवश्यक सुधार करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद स्थापित कर अभियान की जानकारी ली तथा उनसे अपने नाम का मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों को नाम जोड़ना, संशोधन कराना अथवा अन्य कोई परिवर्तन कराना हो, वे निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और अन्य पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि “मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न हो।”
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पाकुड़िया सोमनाथ बनर्जी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित बीएलओ उपस्थित रहे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








