बिहार/पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। जन जागृति दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन पत्र जांच के दौरान रद्द कर दिया गया। उनके नामांकन के निरस्त होने से उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण बदल गया है।
जानकारी के अनुसार, वीणा मानवी पूर्व मंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी की उम्मीदवार थीं। उनके नामांकन के दौरान भी काफी हंगामा हुआ था और नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। यह मामला उस समय भी चर्चा का विषय बना था।
निर्वाचन नियमों के अनुसार, किसी गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अथवा निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर कम से कम 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। जांच के दौरान पाया गया कि वीणा मानवी के नामांकन पत्र पर केवल 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर थे। आवश्यक प्रस्तावकों की संख्या पूरी नहीं होने के कारण निर्वाचन पदाधिकारी ने उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया।
नामांकन रद्द होने के बाद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में चुनावी मुकाबला नया मोड़ ले चुका है। अब इस सीट पर शेष प्रत्याशियों के बीच मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है। निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की चुनावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








