झारखंड/पाकुड़। 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पाकुड़ पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर पुलिस केंद्र, पाकुड़ में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों की विशेष ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी पुलिसकर्मी 19 जुलाई की सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी संभालेंगे। साथ ही परीक्षा समाप्त होने के बाद भी तब तक केंद्रों पर तैनात रहेंगे, जब तक प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिकाओं सहित परीक्षा सामग्री सुरक्षित रूप से कोषागार अथवा वज्रगृह के लिए रवाना नहीं कर दी जाती।
बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की एजेंसी के साथ पूर्ण समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गश्ती दल को परीक्षा सामग्री को निर्धारित समय से पूर्व सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उसे सुरक्षित कोषागार एवं वज्रगृह तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








