पाकुड़ में SIR-2026 की समीक्षा, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के दिए निर्देश

झारखंड/पाकुड़: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रखंडवार गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, एएसडीडी (ASDD) सूची, अनमैप्ड मतदाताओं, प्रपत्र वितरण तथा अन्य लंबित कार्यों की प्रगति का बिंदुवार आकलन किया। जिन क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अगले दिन शाम तक न्यूनतम 90 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है और इसके समयबद्ध एवं सफल निष्पादन में किसी भी प्रकार की संसाधन संबंधी कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य की नियमित निगरानी करें तथा प्राप्त होने वाले प्रत्येक गणना प्रपत्र का उसी दिन डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल समय पर कार्य पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। प्रत्येक प्रपत्र का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर त्रुटियों का तत्काल सुधार करते हुए ही उसे अपलोड किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित तैयार हो सके।

बैठक में एएसडीडी सूची, अनकलेक्टेबल प्रपत्र, अनमैप्ड मतदाता, प्रपत्र वितरण तथा डिजिटाइजेशन की अद्यतन प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय-सीमा का पूर्णतः पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के सभी कार्यों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से पूर्ण प्रतिबद्धता, समन्वय और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाकुड़ जिले को उत्कृष्ट प्रदर्शन दिलाने का आह्वान किया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment