नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर चल रहे अपने धरना-प्रदर्शन को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौटने की अपील करते हुए कहा कि सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद उनकी सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने आंदोलन से जुड़ी सभी मांगें स्वीकार कर ली हैं, जिसके बाद पार्टी ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेने का निर्णय लिया है।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्रियों और सीजेपी के प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन में शामिल किसी भी प्रदर्शनकारी के विरुद्ध कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों में आंदोलन में भाग लेने वाले लोगों के खिलाफ भी भविष्य में कोई कार्रवाई नहीं होगी।
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, “कॉकरोच जनता पार्टी यह घोषणा करती है कि हम सद्भावना के साथ अपना आंदोलन वापस ले रहे हैं। हमें विश्वास है कि सरकार तय समय-सीमा के भीतर समझौते की सभी शर्तों को पूरा करेगी।”
उन्होंने कहा कि आंदोलन समाप्त करने का निर्णय सरकार की ओर से मिले आश्वासनों और सहमति के आधार पर लिया गया है। पार्टी ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय के भीतर सभी वादों को लागू किया जाएगा।
इस घोषणा के साथ ही जंतर-मंतर पर चल रहा सीजेपी का धरना-प्रदर्शन औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। हालांकि, पार्टी ने संकेत दिया कि यदि सहमति के अनुरूप निर्णय लागू नहीं किए गए, तो वह आगे की रणनीति पर विचार कर सकती है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








