दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण,जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि।

झारखण्ड/पाकुड़:- झारखण्ड आंदोलन के प्रणेता एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य एवं गरिमामय वातावरण में अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में महेशपुर के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता विकास कुमार त्रिवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने झारखंड राज्य के निर्माण, आदिवासी समाज के उत्थान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके आजीवन संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

महेशपुर के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा झारखंड की गौरवशाली विरासत, संघर्ष और जनआकांक्षाओं की जीवंत पहचान है तथा नई पीढ़ी को अपने इतिहास और महान विभूतियों से जोड़ने का कार्य करेगी।

लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा की अद्भुत मिसाल है। जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी समाज के सम्मान तथा झारखंड राज्य के निर्माण के लिए उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर समरस, न्यायपूर्ण एवं विकसित झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन जनसेवा, सामाजिक समरसता, समानता तथा वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके विचारों, मूल्यों और आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उनकी यह प्रतिमा आने वाले वर्षों तक समाज को सेवा, समर्पण, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के मूल्यों के प्रति प्रेरित करती रहेगी।

समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी दिशोम गुरु के संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने समाज में स्वाभिमान, सामाजिक चेतना और जनाधिकारों की मजबूत नींव रखी। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व सदैव झारखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

समारोह के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, उपाध्यक्ष समद अली, झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी, कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, जनजातीय समाज के सदस्य, युवा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment