झारखंड/पाकुड़/हिरणपुर। पंचायत समिति हिरणपुर के प्रमुख पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया शनिवार को प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी की अध्यक्षता में पंचायत समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंचायत समिति हिरणपुर के कुल 17 प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित सदस्यों में से 16 सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 11 बजे से 11:30 बजे तक रखा गया था। इस अवधि में केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ।
विनीता किस्कू ने पंचायत समिति के प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक किसी अन्य अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। इसके बाद निर्धारित अवधि में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नाम वापस नहीं लिया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के सभी निर्धारित चरण पूरे होने के बाद विनीता किस्कू को पंचायत समिति हिरणपुर के प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इस दौरान पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रही।








