राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, सीईओ के चयन पर लगेगी अंतिम मुहर

उत्तरप्रदेश/अयोध्या। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक बुधवार को शाम चार बजे मणिरामदास जी की छावनी में प्रस्तावित है। बैठक में राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के चयन को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। करीब दो माह चली चयन प्रक्रिया के बाद चयन समिति ने तीन अभ्यर्थियों का पैनल तैयार कर मंगलवार को ट्रस्ट को सौंप दिया है।

अब सभी की निगाहें ट्रस्ट के फैसले पर टिकी हैं। सीईओ पद के लिए तैयार किए गए पैनल में पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, पूर्व आईएएस अधिकारी योगेश्वरराम मिश्रा और बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी डॉ. परेश सक्सेना के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि तीनों अधिकारी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

राजेश पांडेय के पास पुलिस प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था और बड़े आयोजनों के प्रबंधन का लंबा अनुभव है। वहीं, योगेश्वरराम मिश्रा प्रशासनिक एवं शासन स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। डॉ. परेश सक्सेना के पास पुलिस प्रशासन के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र की भी पृष्ठभूमि है।

बैठक में तीन नामों के पैनल में से किस अधिकारी को राम मंदिर की विस्तारित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसका निर्णय बैठक के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।

चढ़ावा चोरी मामले की जांच की भी होगी समीक्षा

ट्रस्ट की बैठक में मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले की जांच की भी समीक्षा की जाएगी। ट्रस्ट की ओर से जारी बैठक के एजेंडे के अनुसार, ट्रस्ट के विलेख में संशोधन पर भी चर्चा हो सकती है।

बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, सदस्य शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद और सदस्य युगपुरुष स्वामी परमानंद मंगलवार को ही अयोध्या पहुंच गए। वहीं, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, सदस्य महंत दिनेंद्र दास तथा पदेन सदस्य एवं जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी पहले से ही अयोध्या में मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि ट्रस्ट के अन्य सदस्य के. परासरन, प्रदेश के गृह सचिव संजय प्रसाद, सीबीएसई के चेयरपर्सन एवं केंद्र सरकार के प्रतिनिधि प्रशांत लोखंडे तथा मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल हो सकते हैं।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment