झारखण्ड/साहेबगंज जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को भारत रत्न,भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘आधुनिक भारत के निर्माता’ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
चित्र पर पुष्पांजलि और नमन
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने की। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह साहेबगंज जिला प्रभारी डॉ. मुन्नम संजय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।
सदर अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण
कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा के समापन के पश्चात,जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में सभी कांग्रेस जन साहेबगंज सदर अस्पताल पहुंचे। वहाँ उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उनके बीच फलों का वितरण किया। साथ ही, नेताओं ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा भी लिया।
वरिष्ठ नेताओं के वक्तव्य। “राजीव गांधी ने रखी 21वीं सदी के भारत की नींव”- बरकतुल्लाह खान (जिला अध्यक्ष)
“स्वर्गीय राजीव गांधी ने 21वीं सदी के आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी थी। देश में कंप्यूटर क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, 18 वर्ष की आयु में मताधिकार का अधिकार और दूरसंचार क्रांति उनकी दूरदर्शी सोच का ही परिणाम हैं। साहेबगंज जिला कांग्रेस उनके ‘नव भारत’ के सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आज हमने सदर अस्पताल में फल वितरित कर उनके ‘सेवा ही धर्म’ के संदेश को आगे बढ़ाया है। वर्तमान गठबंधन सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है, ताकि हर गरीब को उत्तम इलाज मिल सके।”
“राजीव गांधी का शहादत दिवस हमारे लिए संकल्प दिवस है” – डॉ. मुन्नम संजय (प्रदेश महासचिव)
“आदरणीय राजीव जी का शहादत दिवस हमारे लिए एक संकल्प दिवस की तरह है। उन्होंने भारत को विश्व की एक महाशक्ति बनाने का जो सपना देखा था, उसे कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मिलकर पूरा करेगा। साहेबगंज की यह 50 सदस्यीय नई टीम बूथ स्तर तक उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचा रही है। झारखंड में हमारी गठबंधन सरकार जनता की सेवा में तत्परता से लगी है। हमारी सरकार राजीव जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। साहेबगंज के कार्यकर्ताओं का उत्साह यह स्पष्ट करता है कि आगामी 2029 में भी जनता का आशीर्वाद कांग्रेस को ही प्राप्त होगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख गणमान्य व्यक्ति
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम और सेवा कार्य के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे:
अनुकूल चन्द्र मिश्रा,मुर्शाद अली,मो.कलीमुद्दीन,बासुकीनाथ यादव,उमेश पाण्डेय,सुनील पासवान,सरफराज आलम,नित्यानंद गुप्ता,राम श्रृंगार ओझा,रिज़वान अंसारी,मो. सलाहुद्दीन,नूरजहां बीबी,उमेश तिवारी,दिलीप गुप्ता,कद्दाफी मुर्शाद,जामुन दास,अली कुरैशी,सतीश पासवान,अल्ताफ़ हुसैन,परवेज़ आलम,शब्दुल अंसारी,नौशाद अंसारी,सुभाष,हरिचरण पासवान,जाहिद आलम एवं अन्य दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता।
संवादाता मुन्ना राजा








