झारखंड/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ राजधानी रांची से कुछ दूरी पर स्थित प्रसिद्ध जोन्हा फॉल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हरी-भरी वादियों, निर्मल जलधारा और प्राकृतिक वातावरण के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताए। मुख्यमंत्री ने वहां स्थानीय फलों का आनंद लिया तथा स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत भी की।
जोन्हा फॉल की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती प्रकृति का अनुपम उपहार है।
यहां बहती स्वच्छ जलधाराएं, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों की शांत छटा हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की यह प्राकृतिक संपदा हमारी साझा धरोहर है, जिसे संरक्षित और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन में भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के किसी भी क्षेत्र में जाने पर प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों और स्वरूपों में लोगों का स्वागत करती दिखाई देती है। राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इसे विकसित करने के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के पर्यटकों को झारखंड आने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति एवं आत्मीयता का अनुभव करने का आमंत्रण देते हुए कहा— “झारखंड की इस अनुपम धरती पर सभी सैलानियों का हार्दिक स्वागत है। जोहार।”
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








