झारखंड/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत 1,042 नवचयनित इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति-पत्र सौंपे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को लगातार रोजगार और नियुक्तियां उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति राज्य के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने नवचयनित सहायक आचार्यों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं एवं जोहार दिया। कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
राज्य सरकार ने भरोसा जताया कि इन नियुक्तियों से शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ते रहेंगे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








