झारखंड/पाकुड़। जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश, चोरी की घटनाओं की रोकथाम तथा थाना स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पुराने एवं नए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध निष्पादन किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
जिले में बढ़ते मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए एसडीपीओ ने ब्राउन शुगर, गांजा, ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा कारोबारियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसडीपीओ ने खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत मोहल्लों में घूम-घूमकर फेरी लगाने वालों, कबाड़ व्यवसायियों एवं कचरा बीनने वालों का सत्यापन कर उनका विस्तृत डाटा तैयार करने को कहा गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और अपराधियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा सके।
बैठक में प्रत्येक थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, वारंट निष्पादन, गश्ती व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना स्तर पर जवाबदेही तय कर बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में नगर थाना, मुफस्सिल थाना, मालपहाड़ी ओपी, हिरणपुर थाना सहित पाकुड़, मुफस्सिल एवं लिट्टीपाड़ा अंचल के पुलिस निरीक्षक उपस्थित थे। समीक्षा बैठक से स्पष्ट संकेत मिला कि पाकुड़ पुलिस अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर अधिक सक्रिय एवं परिणामोन्मुख रणनीति के साथ कार्य कर रही है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








