झारखंड/पाकुड़: जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कथित प्रेम संबंध से नाराज पति और उसके साथियों ने एक विवाहिता तथा एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उन्हें जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों के कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ितों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया तथा उनका चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) कराया।
पीड़िता के लिखित बयान के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है। इस मामले में 5 नामजद तथा 30 से 40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है।








