झारखंड/पाकुड़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नेतृत्व में पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में ड्राइविंग लाइसेंस (लर्निंग लाइसेंस/नवसिखुआ चालक अनुज्ञप्ति) जारी करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित एवं नियमबद्ध यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
अभियान के प्रथम चरण के तहत बुधवार, 1 जुलाई 2026 को सदर प्रखंड मुख्यालय में नवसिखुआ चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) के लिए आवेदन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार की इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, उप प्रमुख हैदर अहमद, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के पहले दिन लगभग 60 इच्छुक आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 32 पात्र आवेदकों को उसी दिन लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया। शेष आवेदनों का निष्पादन नियमानुसार किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह विशेष शिविर दो दिवसीय है। दूसरे दिन भी इच्छुक नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने वाले पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने बताया कि यह विशेष अभियान जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नियमसम्मत वाहन संचालन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी सेवाओं को नागरिकों तक सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह विशेष अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








