पुलिस अधीक्षक ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक;लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश।

झारखण्ड/पाकुड़:- आज दिनांक 13 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ की अध्यक्षता में जिला पुलिस मुख्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई एवं सभी थाना व ओपी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कांडों के निष्पादन में तेजी और संपत्ति मूलक अपराधों पर लगाम
समीक्षा के दौरान पाया गया कि माह अप्रैल में प्रतिवेदित 76 कांडों के विरुद्ध कुल 82 कांडों का निष्पादन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने शेष लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके अविलंब निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लूट,डकैती,चोरी, गृहभेदन और छिनतई जैसे संपत्ति मूलक अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने और अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित करने को कहा।
गश्ती और सघन जांच अभियान
अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्ती और ‘टाईगर मोबाइल’ को अधिक मुस्तैद रहने का आदेश दिया। जिले में रात के समय सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
यातायात सुरक्षा और जागरूकता अभियान
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच चलाने का निर्देश दिया गया। इसमें मुख्य रूप से:
• हेलमेट,सीटबेल्ट, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच।
• ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ (शराब पीकर वाहन चलाना) के विरुद्ध नियमित अभियान।
• सड़क दुर्घटना के पीड़ितों और उनके आश्रितों को समय पर मुआवजा दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई।
साथ ही, स्कूल-कॉलेजों और बाजारों में बाल विवाह,नशामुक्ति,मानव तस्करी,साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया।
अपराधियों पर CCA और निगरानी पंजी के तहत कार्रवाई
जिले के सक्रिय अपराधियों पर नियंत्रण हेतु CCA Act के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने पिछले 5 वर्षों के संगीन अपराधियों के नाम दागी/निगरानी पंजी में और उद्दंड प्रवृत्ति के लोगों के नाम गुंडा पंजी में दर्ज कर उन पर सतत निगरानी रखने का आदेश दिया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को CCA एक्ट के संबंध में विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
बकरीद को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था
आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित करने,संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करने और उपद्रवियों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए फ्लैग मार्च और मॉक ड्रिल आयोजित करने की भी बात कही गई।
जनता के प्रति संवेदनशीलता और पुलिस सभा
पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उनकी समस्याओं को शालीनता से सुनकर तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में ‘पुलिस सभा’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना गया और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
संवादाता पाकुड़

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment