रक्सौल पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, सरगना समेत पांच गिरफ्तार

रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच रक्सौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के सरगना सहित पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के नेपाल कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी भारत के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में गिरोह के सरगना विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर नेपाल के रौतहट जिले के टिकुलिया निवासी मुन्ना आलम, अरविंद सिंह, रूपेश कुमार गुप्ता तथा दिलीप कुमार गिरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मास्टर चाभी, पांच मोबाइल फोन तथा भारतीय एवं नेपाली मुद्रा में नकद राशि बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गिरोह मास्टर चाभी के माध्यम से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देता था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। इनके आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सीमा पार सक्रिय नेटवर्क की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना विकास कुमार पूर्व से भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

इस मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या-299/26 दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार संचालित वाहन चोरी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment