सियार के हमले में मासूम की मौत के बाद जागा वन विभाग,पीड़ित परिवारों को सौंपा मुआवजा।

झारखण्ड/पाकुड़ जिले में सियार के आतंक से मची तबाही के बाद अब प्रशासन और वन विभाग सक्रिय हो गया है। वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) सौरभ चंद्रा के निर्देश पर मंगलवार को वन विभाग की टीम लखीनारायणपुर और रहसपुर गांव पहुंची। टीम का नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) बबलू कुमार देहरी ने किया।
घटना का विवरण: 3 माह की मासूम को बनाया शिकार
बता दें कि बीते शुक्रवार की रात करीब 3:00 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना घटी थी। लखीनारायणपुर गांव में अपनी मां के साथ सो रही महज तीन माह की बच्ची, अफीफा खातून को सियार घर से उठाकर ले गया था। बाद में बच्ची के शव के कुछ अवशेष झाड़ियों में मिले थे। इसी रात सियार ने एक अन्य चार वर्षीय बच्ची सगी बहन को भी घायल कर दिया था। इसके बाद से क्षेत्र में लगातार सियार के हमले जारी थे, जिससे कई बच्चे जख्मी हुए हैं।
मुआवजा और सांत्वना
रेंजर बबलू कुमार देहरी ने अपनी टीम के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और इस दर्दनाक घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। विभाग की ओर से तत्काल राहत पहुँचाते हुए निम्नलिखित मुआवजा राशि प्रदान की गई:
मृतक अफीफा खातून के परिवार को: ₹50,000 (पचास हजार रुपये)
घायल सदीकुल शेख के परिवार को: ₹5,000 (पाँच हजार रुपये)
रहसपुर के घायल अजफारूल शेख को: ₹5,000 (पाँच हजार रुपये)
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ग्रामीणों के बीच व्याप्त डर को देखते हुए रेंजर ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा:

 “वन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। आज रात्रि में भी वन विभाग की टीम लखीनारायणपुर में मौजूद रहेगी। इलाके में लगातार पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो।”

इस दौरान टीम में खालिदा खातून, जिब्रान अली और अन्य वनकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
ब्यूरो रिपोर्ट, पाकुड़

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment