झारखंड/साहिबगंज/बरहरवा: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर देर रात चलाए गए संयुक्त जांच एवं छापामारी अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीआईबी मालदा की टीम ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 जून 2026 की रात्रि लगभग 01:00 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ/सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम द्वारा बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष जांच एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। अभियान में उपनिरीक्षक नन्दन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन, मीडिया प्रतिनिधि तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा शामिल थे।
इसी दौरान लगभग 01:24 बजे ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर के प्लेटफॉर्म संख्या-04 पर पहुंचने के समय संयुक्त टीम की नजर एफओबी रैम्प के नीचे खड़े एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। तलाशी लेने पर उसकी कमर में छिपाकर रखे गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त एक रेडमी-8 मोबाइल फोन भी मिला, जिसे आरोपी ने अपना निजी मोबाइल बताया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आसिक शेख (26 वर्ष), पिता– केताब शेख, निवासी– मियापाड़ा, खालतीपुर, थाना कालियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद तीन मोबाइल फोन में से दो मोबाइल ट्रेन संख्या 13148 उत्तरबंगा एक्सप्रेस तथा एक मोबाइल ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर से यात्रियों से चोरी किए गए थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह नियमित रूप से यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था। कड़ाई से पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि आरोपी के विरुद्ध कालियाचक थाना क्षेत्र में चोरी एवं डकैती से संबंधित दो से तीन मामले पहले से दर्ज होने की जानकारी मिली है।
आरपीएफ द्वारा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा बरामद तीन मोबाइल फोन और लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया।








