झारखंड/पाकुड़। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस को पाकुड़ के लड्डू बाबू आम बागान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक न्याय की विचारधारा तथा वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजद ने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1994 में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में पाकुड़ को जिला का दर्जा मिला, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली। इसके अलावा केकेएम कॉलेज में विज्ञान संकाय की पढ़ाई शुरू कराने की पहल भी उनके कार्यकाल में हुई। साथ ही, तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव एवं राजद के झारखंड प्रभारी के प्रयासों से पाकुड़ में पार्टी के परिसर भवन का निर्माण कराया गया, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिली।
बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सामाजिक न्याय के संदेश को घर-घर पहुंचाने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राजद के 30वें स्थापना दिवस पर संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प को दोहराते हुए एकजुट होकर पार्टी को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








