महाराष्ट्र/मुंबई। बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने शनिवार, 5 जुलाई को अपनी लंबे समय से साथी रहीं गौरी स्प्रैट के साथ सादे और निजी समारोह में विवाह कर लिया। 61 वर्षीय अभिनेता ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत रजिस्टर्ड मैरिज की। यह आमिर खान का तीसरा विवाह है।
जानकारी के अनुसार, विवाह की औपचारिकताएं दोपहर करीब 12:45 बजे पूरी हुईं, जब आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने विवाह संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। दोनों परिवारों के करीबी सदस्यों और चुनिंदा मित्रों की उपस्थिति में विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न हुई।
विवाह संपन्न होने के बाद आमिर खान और गौरी स्प्रैट बेहद भावुक दिखाई दिए। खुशी के इस विशेष अवसर पर दोनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने अपने परिवारजनों के साथ इस यादगार पल का जश्न मनाया। समारोह को पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें केवल परिवार और करीबी लोगों को ही आमंत्रित किया गया था।
गौरतलब है कि आमिर खान ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह अपनी शादी को भव्य आयोजन के बजाय सादगीपूर्ण और पारिवारिक माहौल में संपन्न करना चाहते हैं। इसी कारण दोनों ने अपने मुंबई स्थित आवास पर सीमित मेहमानों की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज का विकल्प चुना।








