झारखण्ड/पाकुड़:-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) का कार्य सुचारू रूप से संचालित है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आलमगीर आलम ने स्वयं एस आई आर (SIR) प्रपत्र भरकर इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने जिले के समस्त पात्र मतदाताओं से समय रहते इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची अनिवार्य: आलमगीर आलम
पूर्व विधायक आलमगीर आलम ने इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण,स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा:
”एक सजग नागरिक होने के नाते प्रत्येक पात्र मतदाता का यह परम दायित्व है कि वह समय पर एस आई आर प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराए। सभी नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार के योग्य सदस्यों का सत्यापन सुनिश्चित कराएं,ताकि एक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।”
बीएलओ कर रहे हैं घर-घर जाकर सत्यापन
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नियुक्त बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनके विवरणों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।
संवादाता पाकुड़








