झारखण्ड/पाकुड़:- माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन विभाग के माननीय मंत्री दीपक बिरुवा के आदेशानुसार तथा उपायुक्त पाकुड़ मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। जिले के सभी वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करने तथा लाइसेंस निर्माण की प्रक्रिया को सरल,सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रखंड एवं अंचल स्तर पर विशेष नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज,09 जुलाई 2026 को लिटीपाड़ा अंचल कार्यालय में दो दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ,जो कल यानी 10 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।
पहले ही दिन 46 आवेदन,त्वरित निष्पादन
शिविर के प्रथम दिन स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। पहले दिन कुल 46 आवेदकों ने लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन किया। जिला परिवहन कार्यालय ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवेदनों की जांच की और ऑन-स्पॉट त्वरित निष्पादन करते हुए 45 पात्र आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) प्रदान की।
यह लाइसेंस जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) मोहम्मद मोजाहिद अंसारी एवं लिटीपाड़ा के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से आवेदकों को सौंपे गए।
सड़क सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने आम नागरिकों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और जागरूक किया:
अनिवार्य सुरक्षा:- वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा साथ रखने,दुपहिया वाहनों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहनों के लिए सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
सरकारी योजनाएं व मुआवजा: ‘हिट एंड रन’ (Hit and Run) मामलों में सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि,’गुड सेमरीटन’ (नेक फरिश्ता/रहगीर) नीति, कैशलेस इलाज की सुविधा तथा आपदा प्रबंधन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया और इनका लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशासन की अपील:
जिला परिवहन कार्यालय और स्थानीय प्रशासन ने लिटीपाड़ा अंचल एवं प्रखंड के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे कल (10 जुलाई) आयोजित होने वाले शिविर के अंतिम दिन का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। साथ ही, अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। जिला परिवहन कार्यालय आम जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है।
शिविर में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस विशेष शिविर को सफल बनाने में जिला परिवहन पदाधिकारी मो.मोजाहिद अंसारी,अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (लिटीपाड़ा) संजय कुमार,जिला परिवहन कार्यालय के बड़ा बाबू सह वरीय प्रधान लिपिकीय बरियर हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यगण एवं जिला परिवहन कार्यालय के सभी कर्मियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।








