विश्व जनसंख्या दिवस पर पाकुड़िया सीएचसी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

झारखंड/पाकुड़/पाकुड़िया। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पाकुड़िया में जनसंख्या स्थिरता, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर प्रभावी नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु की समुचित देखभाल तथा संतुलित जनसंख्या के सामाजिक एवं आर्थिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों से छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संतुलित परिवार ही समृद्ध समाज एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने भी उपस्थित लोगों से परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थिरता संबंधी संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से ही परिवार नियोजन कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. मंजर आलम, डॉ. वसीम राजा, डॉ. अभय सराफ, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया साथी, मार्शिला सोरेन, बसंती टुडू, मृत्युंजय कुमार, अलख निरंजन सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने जनसंख्या नियंत्रण, परिवार कल्याण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों, सुरक्षित मातृत्व तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment