झारखंड/पाकुड़। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने, विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, ग्रामीण विकास कार्यक्रम तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की सफलता विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित संवाद और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन और लंबित सड़क परियोजनाओं, भू-अर्जन तथा भूमि संबंधी मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं अंचल अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
समीक्षा के दौरान जिला परिषद, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर परिषद, विशेष प्रमंडल, विद्युत विभाग, खेल विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग तथा कल्याण विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा योजनाओं की प्रगति में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में मनरेगा के तहत जिले में लाइनर प्लांटेशन के कार्यों का दायरा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत रोजगार सृजन को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण कराने तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सभी विभाग समन्वित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे और जिले में सुशासन एवं सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता और अधिक सुदृढ़ हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








