झारखंड/गिरिडीह। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कौशल विकास एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार एवं प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति तथा अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं में स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना तथा उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना है। उन्होंने कौशल विकास विभाग एवं जिला नियोजन कार्यालय को निर्देश दिया कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ते हुए निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार एवं स्थायी रोजगार से जोड़ने के लिए समन्वित और परिणामोन्मुख कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में श्रम विभाग की प्रखंडवार प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन पर जोर देते हुए बाल श्रम उन्मूलन अभियान को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाल श्रम किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है और इसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मॉल, वी-मार्ट, नर्सिंग होम, ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स प्रतिष्ठानों सहित अन्य व्यावसायिक संस्थानों में कार्यरत नाबालिग बच्चों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए तथा उनका तत्काल रेस्क्यू किया जाए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सीलिंग, जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उप विकास आयुक्त ने रेस्क्यू किए गए बच्चों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए तथा पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रात्रि एवं अहले सुबह ईंट-भट्टों, होटलों तथा अन्य संभावित प्रतिष्ठानों में नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








