झारखंड/पाकुड़। हिरणपुर थाना पुलिस ने तोड़ाई स्थित एक चाय दुकान में हुई गैस सिलेंडर चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का लाल रंग का गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली कि 1 जुलाई 2026 को तोड़ाई स्थित चाय दुकान का ताला तोड़कर चोरी किया गया गैस सिलेंडर बेलडीहा गांव निवासी बाबूचन मुर्मू के घर में रखा गया है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
इसके बाद एसआईटी ने हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलडीहा गांव में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बाबूचन मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का एक गैस सिलेंडर बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरणपुर थाना लाया गया।
जांच के क्रम में चाय दुकान संचालक धनंजय कुमार दास ने आरोपी की पहचान करते हुए उसके विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 50/2026, दिनांक 13 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी एवं हिरणपुर थाना की पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से संचालित की गई। समयबद्ध कार्रवाई के परिणामस्वरूप चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








