मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

झारखंड/पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन, पारदर्शी एवं अधिक विश्वसनीय बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों का भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि 22 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान निर्वाचन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रपत्र भरकर उसी दिन जमा किए जाएंगे। बैठक में बीएलए-2 संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर एएसएसडी (ASSD) सूची का सत्यापन एवं मिलान करेंगे, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने मतदाता प्रपत्रों के वितरण का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने तथा डिजिटाइजेशन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने एएसएसडी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बीएलए-2 को भी इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यदि किसी मतदाता के आवेदन अथवा विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित मतदाता को नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि प्रत्येक मामले की सुनवाई संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) द्वारा की जाएगी और सुनवाई के उपरांत नियमानुसार उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा एवं महेशपुर तथा जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment