झारखंड/पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शुक्रवार को जिले के ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं रखरखाव का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की तथा वहां स्थापित सीसीटीवी कैमरों, ईवीएम मशीनों एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता और रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक माह वेयरहाउस के बाहरी परिसर तथा प्रत्येक तीन माह पर आंतरिक व्यवस्था का निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के उपरांत रखरखाव एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति संबंधी प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग, रांची को प्रेषित किया जाता है।
उपायुक्त ने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने, सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण प्रतिवेदन समयबद्ध रूप से मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग, रांची भेजने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








