पाकुड़। आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक ऐतिहासिक रथ मेला गुरुवार से विधिवत प्रारंभ हो गया। मेले का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव, नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल एवं समाजसेवी सुरेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ मेला परिसर में पहुंचने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
रथ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा सादे वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है तथा रथ यात्रा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी लगाया गया है, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
नगर परिषद ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
इस वर्ष मेले में मनोरंजन के लिए जलपरी शो, जादुई शो तथा विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की आकर्षक दुकानें लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रही हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोग मेले का भरपूर आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मेले के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें, ताकि रथ मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








