झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार

झारखंड/पाकुड़। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी), रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्र प्रेक्षक, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राधीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित नोडल पदाधिकारी से तत्काल संपर्क स्थापित कर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की पूर्व जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहां से सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

बैठक में बताया गया कि 19 जुलाई 2026 को परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे, द्वितीय पाली 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तथा तृतीय पाली 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगी। परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 7:00 बजे निर्धारित किया गया है। जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 6,000 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि 19 जुलाई को सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल सुबह 6:00 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन में संबंधित एजेंसियों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के होटल, लॉज एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

जिले में परीक्षा के लिए केकेएम कॉलेज, पाकुड़, पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज, डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पीएम श्री हरिणडांगा उच्च विद्यालय, रानी ज्योतिर्मयी बालिका उच्च विद्यालय, आदर्श विल्टू मध्य विद्यालय, पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बालिका, मध्य विद्यालय हरिणडांगा (पश्चिमी), जिदातो बालिका उच्च विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, संत जोसेफ स्कूल, एलाईट पब्लिक स्कूल तथा संत डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल सहित कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कोषागार पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़ एसडीपीओ, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। गूगल मीट के माध्यम से सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्र प्रेक्षक, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी भी बैठक से जुड़े रहे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment