झारखंड/पाकुड़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करना तथा लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाना है।
इसी क्रम में महेशपुर अंचल में आयोजित दो दिवसीय शिविर के प्रथम दिन कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए। जिला परिवहन कार्यालय ने सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए निर्धारित ऑनलाइन परीक्षा में सफल सभी 50 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) प्रदान किया।
लर्नर लाइसेंस का वितरण प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव एवं अंचलाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अन्य नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
शिविर के दौरान सभी आवेदकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही हिट एंड रन मुआवजा योजना, गुड सेमेरिटन योजना, कैशलेस उपचार सुविधा तथा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित अन्य सरकारी प्रावधानों एवं आपदा प्रबंधन योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आगामी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय शिविरों का लाभ उठाकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचलाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।








