झारखंड/पाकुड़। आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित आयुष स्वास्थ्य जांच शिविरों में कुल 390 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों में रोगियों की जांच कर आवश्यक दवाइयाँ भी निःशुल्क वितरित की गईं।
यह स्वास्थ्य शिविर पाकुड़ प्रखंड के झिकरहट्टी एवं कालिकापुर, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के लिट्टीपाड़ा एवं धरमपुर, अमड़ापाड़ा प्रखंड के अमड़ापाड़ा एवं पकलो, पाकुड़िया प्रखंड के पाकुड़िया एवं खकसा तथा हिरणपुर प्रखंड के डुमरिया एवं मोहनपुर में आयोजित किए गए।
शिविरों में डॉ. अबु तालिब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास, डॉ. प्रेम प्रकाश, अफरोज आलम, डॉ. अशोक मेहता, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार यादव, डॉ. बीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, डॉ. लवकुश यादव एवं डॉ. कुलेश कुमार सहित आयुष विभाग के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
चिकित्सकों ने बताया कि शिविरों में उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (डायबिटीज), जोड़ एवं गठिया रोग, बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित अन्य सामान्य रोगों की निःशुल्क जांच की गई। जांच के उपरांत रोगियों को आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ मुफ्त दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्थानीय लोगों ने आयुष विभाग की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








