महाराष्ट्र/मुंबई। अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ का दूसरा टीजर शनिवार को जारी कर दिया गया। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। हाल ही में फिल्म का पहला टीजर रिलीज किया गया था, जिसके बाद अब दूसरा टीजर सामने आने से फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आज़मी और अली फज़ल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद सनी देओल इस फिल्म के माध्यम से एक बार फिर गंभीर और ऐतिहासिक विषय पर आधारित किरदार में दिखाई देंगे।
जारी किए गए दूसरे टीजर की शुरुआत भावनात्मक दृश्यों से होती है। इसमें वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान आम लोगों पर हुए अत्याचार, हिंसा, आगजनी, विस्थापन और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। टीजर में प्रीति जिंटा, शबाना आज़मी और अली फज़ल के भावनात्मक दृश्य विभाजन की त्रासदी से टूटे परिवारों की कहानी को जीवंत करते हैं।
फिल्म का उद्देश्य केवल भारत विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं को दिखाना ही नहीं, बल्कि उस दौर में लाखों लोगों द्वारा झेले गए दर्द, संघर्ष और मानवीय संवेदनाओं को भी पर्दे पर प्रस्तुत करना है।
बताया जा रहा है कि ‘बटवारा 1947’ का प्रदर्शन अगस्त 2026 में सिनेमाघरों में किया जाएगा। दूसरा टीजर जारी होने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








