स्वर्ण प्रहार से कांपे हथियार माफिया पूर्वी चंपारण पुलिस ने ध्वस्त की अवैध कारतूस निर्माण इकाई,500 से अधिक कारतूस बरामद।

बिहार/मोतिहारी:-पूर्वी चंपारण पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियार तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में जिला पुलिस ने अवैध कारतूस निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में कारतूस, विस्फोटक सामग्री तथा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। इसे जिले में सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस की संयुक्त छापेमारी में 500 से अधिक निर्मित एवं अर्धनिर्मित कारतूस, कारतूस निर्माण में प्रयुक्त आधुनिक मशीनें, धातु की चादरें तथा गन पाउडर, नाइट्रिक अम्ल, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन और चारकोल जैसी विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान चार प्रमुख आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध कारतूसों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति से जुड़े अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह अभियान मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। चकिया एवं पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में पाँच थानों की पुलिस, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) तथा तकनीकी प्रकोष्ठ ने गुप्त सूचना के आधार पर सुनियोजित कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
अभियान की सफलता में मेहसी थानाध्यक्ष सानु गौरव तथा तकनीकी शाखा के कृष्ण मोहन की सतर्कता और तकनीकी दक्षता की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के कार्यभार संभालने के बाद से जिले में अपराधियों, हथियार तस्करों तथा शराब माफियाओं के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल ही में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के बाद अब अवैध कारतूस निर्माण इकाई का खुलासा इस बात का संकेत है कि पुलिस केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध की संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने की रणनीति पर कार्य कर रही है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस मुख्यालय ने अभियान में शामिल पूरी टीम को ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, मामले से संबंधित विस्तृत तकनीकी जानकारी चकिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में साझा की जाएगी। साथ ही, अवैध कारोबार के वित्तीय स्रोतों का पता लगाने तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment