नई दिल्ली। संसद भवन के लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। यह विशेष बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित करने तथा राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के स्वागत के उद्देश्य से बुलाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार का स्पष्ट और कड़ा रुख सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल के पेपर लीक मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया है और दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने देश के युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रभावी एवं मजबूत व्यवस्था विकसित कर रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से भी अपील की कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील विषय पर राजनीति करने के बजाय सभी दल मिलकर समाधान की दिशा में कार्य करें।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित रहे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता बैठक स्थल पर पहुंचे। बैठक में संसदीय रणनीति, संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








