पेपर लीक मामले पर आंदोलनरत छात्रों से बातचीत को तैयार केंद्र सरकार, चार बार भेजा गया वार्ता का प्रस्ताव

नई दिल्ली। पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच केंद्र सरकार ने बातचीत के लिए पहल की है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार हर समय वार्ता के लिए तैयार है और पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों को चार बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से विनम्रतापूर्वक अपील करती है कि वे संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वार सदैव खुले हैं और छात्र अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय तथा किसी भी स्थान पर चर्चा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह सभी युवा साथियों के लिए खुला आमंत्रण है। आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों सहित अन्य संबंधित विषयों पर भी सरकार विस्तृत चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ता के लिए जितना समय आवश्यक होगा, सरकार उतना समय देने में कोई संकोच नहीं करेगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित वार्ता में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी उपस्थित रहेंगे। उनके साथ स्वयं डॉ. जितेंद्र सिंह भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से ही इस मुद्दे का समाधान निकाला जा सकता है और आगे की दिशा तय की जा सकती है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आंदोलनकारी छात्र चाहें तो केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर भी बैठक आयोजित की जा सकती है। सरकार का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि संवाद के जरिए सभी पक्षों के हित में समाधान तक पहुँचना है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment