महाराष्ट्र/मुंबई: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी CJP आंदोलन के समर्थन में बुधवार को मुंबई सहित कई राज्यों में छात्रों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। मुंबई के चेंबूर और शिवाजी पार्क में हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे और दिल्ली में घायल हुए प्रदर्शनकारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इसी बीच एक युवती पुलिस वैन के सामने खड़ी हो गई और वाहन को आगे बढ़ाने की चुनौती देती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि इस युवती की पहचान रिया अहीर के रूप में हुई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती के साहस और निडरता की कई लोग प्रशंसा कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने भी उसका उत्साहवर्धन किया और बड़ी संख्या में उसका वीडियो रिकॉर्ड किया।
इस बीच चेंबूर क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिए गए कुछ लोगों को पुलिस वैन से बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
दिल्ली में चल रहे CJP आंदोलन के समर्थन में विभिन्न राज्यों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच छात्र संगठन अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।








