झारखंड/पाकुड़: नीट पेपर लीक प्रकरण, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पुराना सदर अस्पताल के समीप मुख्य सड़क किनारे एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश समन्वयक उदय लखमानी ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने वाले लोगों की आवाज को बलपूर्वक दबाना उचित नहीं है। साथ ही राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बेलाल शेख ने कहा कि छात्रों पर कथित लाठीचार्ज सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पाकुड़ एवं हिरणपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों ने भी केंद्र सरकार पर किसान, युवा और महिलाओं की समस्याओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “छात्रों को न्याय दो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” तथा “अहंकारी भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए।
कार्यक्रम में पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मंसरुल हक, मुजीबुर रहमान, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाहिन परवेज, ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमीर हमजा, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद उर्फ बोकुल, मिथुन मरांडी, रसका हेंब्रम, सेमिनल इस्लाम, सलीम, मुखिया असद हुसैन, नगर अध्यक्ष कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








