अब केवल पांच दिन शेष, 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र भरना सुनिश्चित करें : उपायुक्त मेघा भारद्वाज

झारखंड/पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई, 2026 तक गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि अब निकट है और केवल पांच दिन शेष बचे हैं। ऐसे में सभी मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर समय पर प्रपत्र भरकर जमा करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे अपने बीएलओ से प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही ढंग से भरें, आवश्यक हस्ताक्षर करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, जिससे मतदाता सूची का पुनरीक्षण त्रुटिरहित एवं पारदर्शी तरीके से किया जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि 5 अगस्त, 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को निर्धारित तिथि से पहले गणना प्रपत्र जमा करना अत्यंत आवश्यक है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अंतिम समय की प्रतीक्षा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि भीड़ और असुविधा से बचने के लिए अभी से प्रक्रिया पूरी कर लें। यदि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है या किसी प्रकार की जानकारी चाहिए, तो वह तत्काल अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। आवश्यकता होने पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जागरूक नागरिकों से भी अधिक से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment