इंस्टाग्राम पर CJP की बढ़ती लोकप्रियता या डिजिटल रणनीति? विदेशी फॉलोअर्स पर बहस तेज

नई दिल्ली। सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आधिकारिक पेज के फॉलोअर्स की संख्या में संसद मार्च के बाद उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मार्च के महज तीन दिनों के भीतर इस पेज से 33 लाख से अधिक नए फॉलोअर्स जुड़े, जिससे कुल फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर 2.56 करोड़ से अधिक हो गई।
बताया जा रहा है कि 20 जुलाई को सीजेपी के इंस्टाग्राम पेज पर लगभग 2.23 करोड़ फॉलोअर्स थे। संसद मार्च के बाद प्रतिदिन औसतन करीब 11 लाख नए फॉलोअर्स जुड़ने का दावा किया जा रहा है।
इसी बीच, सोशल मीडिया विश्लेषण में यह भी सामने आया है कि सीजेपी के इंस्टाग्राम पेज को बांग्लादेश, पाकिस्तान तथा खाड़ी देशों से भी फॉलो किया जा रहा है। इस पर कुछ साइबर विशेषज्ञों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि बड़ी संख्या में संदिग्ध विदेशी अकाउंट किसी मंच से जुड़ते हैं, तो इसका उपयोग नकारात्मक प्रचार, गलत सूचना के प्रसार अथवा कृत्रिम रूप से सोशल मीडिया की पहुंच बढ़ाने के लिए किया जा सकता है।

दिल्ली पुलिस के सलाहकार एवं साइबर विशेषज्ञ किसलय चौधरी के अनुसार, वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाना कठिन नहीं है, लेकिन यदि सीमा पार के संदिग्ध अकाउंट किसी पेज से बड़ी संख्या में जुड़े हों, तो उसकी गतिविधियों और प्रभाव का तकनीकी विश्लेषण आवश्यक हो जाता है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में डिजिटल ट्रैकिंग, डाटा सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों के दृष्टिकोण से सतर्कता बरतना जरूरी है।
रिपोर्ट के अनुसार, सीजेपी के इंस्टाग्राम पेज पर जहां 2.56 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, वहीं पार्टी के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लगभग 3.48 लाख फॉलोअर्स हैं। दूसरी ओर, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के निजी एक्स खाते पर पार्टी के आधिकारिक खाते की तुलना में अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

इस बीच यह भी चर्चा में है कि पाकिस्तान में “कॉकरोच आवाम पार्टी” नाम से एक संगठन भी सामने आया है, हालांकि दोनों के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने विदेशी फॉलोअर्स को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई देते हुए कहा है कि उनके लगभग 90 प्रतिशत फॉलोअर्स भारतीय हैं। पार्टी का कहना है कि विदेशी फॉलोअर्स की मौजूदगी सोशल मीडिया मंच की स्वाभाविक अंतरराष्ट्रीय पहुंच का परिणाम हो सकती है और उनके पेज की रीच पूरी तरह पारदर्शी है।
फिलहाल, विदेशी फॉलोअर्स की संख्या, उनकी प्रकृति तथा उनके संभावित प्रभाव को लेकर अलग-अलग दावे और आशंकाएं सामने हैं। इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment