नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जारी प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली के कई क्षेत्रों में भारी भीड़ और यातायात का दबाव देखने को मिल रहा है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने यातायात परामर्श (ट्रैफिक एडवाइजरी) जारी करते हुए लोगों से नई दिल्ली की ओर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन स्थल के आसपास असामान्य रूप से बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते विभिन्न सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन धीमा हो गया है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी परामर्श में पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि नई दिल्ली की यात्रा अत्यंत आवश्यक न हो तो फिलहाल उस क्षेत्र में जाने से बचें। आवश्यक यात्रा की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे यातायात जाम के कारण होने वाली असुविधा और विलंब से बचा जा सके।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, सभी यातायात नियमों का पालन करने तथा संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन और दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।








